Simpl Layoff: फिनटेक स्टार्टअप सिंपल (Simpl) ने कम से कम अपने 100 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह छंटनी कंपनी के सभी डिपार्टमेंट और टीम में हुई है। हालांकि सबसे अधिक प्रभावित इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीम के कर्मचारी हुए हैं। Simpl, बाय नाऊ पे लेटर (BNPL) की सुविधा देती है। मामले से वाकिफ लोगों ने बताया कि कंपनी ने यह छंटनी ऐसे समय में की है, जब उसका मंथली कैश बर्न ऊंचा बना हुआ है और नए यूजर्स के आने की रफ्तार धीमी हो गई है।
एक सूत्र ने बताया, “फाउंडर और सीईओ नित्यानंद शर्मा ने आज सुबह 9 बजे कर्मचारियों के साथ एक संक्षिप्त टाउनहॉल बैठक की। ऐसा लग रहा था जैसे वह कोई पहले से तैयार स्क्रिप्ट पढ़ रहे हों। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को निकालते का दुख है और हम कंपनी के बाहर प्लेसमेंट जैसी चीजों में उनकी मदद करने की पूरी कोशिश करेंगे।”
Simpl में कल तक लगभग 650 कर्मचारी थे। इसमें कोर ऑपरेशंस, इंटर्न और कॉलिंग एजेंट भी शामिल है। छंटनी ने इन कर्मचारियों को प्रभावित किया है। जिन लोगों को नौकरी से निकाला गया है उनमें से कुछ ने लिंक्डइन पर नौकरियों के लिए पोस्ट करना शुरू कर दिया है।
इसके अलावा, सिंपल के D2C चेकआउट वर्टिकल में भी छंटनी हुई है। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह भी बताया कि कंपनी मुनाफे में आने के लिए अपने लागत को घटाने के लिए तमाम उपायों में जुटी है और यह छंटनी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।
एक दूसरे सूत्र ने कहा, “लोग बहुत गुस्से में हैं क्योंकि यह अप्रैजल का समय है और हर कोई बड़ी उम्मीद से सैलरी बढ़ने का इंतजार कर रहा था। यह भी बता दें कि अप्रैलज प्रक्रिया शुरू होने के बाद मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत में भी कंपनी ने कई कर्मचारियों को पहले ही नौकरी से निकाल दिया था। उसे छोड़कर, इस बार कम से कम 100 लोगों की छंटनी हुई है।”
सूत्रों ने बताया कि सिंपल ने लगातार दूसरी बार अप्रैजल के समय कर्मचारियों की छंटनी की है। इससे पहले कंपनी ने मार्च 2023 में भी करीब 160 से 170 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। उन्होंने कहा, “उस समय, कंपनी ने कहा था कि कोई और छंटनी नहीं होगी। हालांकि, तब से और अब के बीच उन्होंने बहुत सारे नए लोगों को हायर किया। करीब 50 से100 के बीच। असल में, आज जिन लोगों की छंटनी हुई है, उसमें से बहुत से लोग नए थे। कुछ को तो कंपनी में आए अभी 1 से डेढ़ महीने ही हुए थे।”