दिवाली वाले दिन केसर चंदन का उबटन लगाकर गर्म जल से स्नान करेंगे भगवान महाकाल, अन्नकूट के महाभोग के बाद होगी फुलझड़ी से आरती


उज्जैन में सबसे पहले दिवाली बाबा महाकाल के दरबार में मनाई जाती है। इस दिन महाकाल का विशेष श्रृंगार होता है और फुलझड़ियों से आरती होती है। महाकाल में दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस से हो जाएगी।

By Arvind Dubey

Publish Date: Tue, 22 Oct 2024 10:36:43 AM (IST)

Updated Date: Wed, 23 Oct 2024 10:21:00 AM (IST)

बाबा महाकाल के दरबार में इस तरह मनाई जाती है दिवाली (फाइल फोटो)

HighLights

  1. महाकाल मंदिर में पांच दिवसीय दीप पर्व की तैयारियां शुरू
  2. ज्योतिर्लिंग की पूजन परंपरा अनुसार 31 अक्टूबर को दिवाली
  3. 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा के साथ होगा दीपोत्सव का समापन

नईदुनिया, उज्जैन (Mahakal Diwali 2024)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। ज्योतिर्लिंग की पूजन परंपरा अनुसार 31 अक्टूबर को तड़के 4 बजे भस्म आरती में दीपावली मनाई जाएगी। उत्सव की शुरुआत 29 अक्टूबर को धनत्रयोदशी के दिन से होगी। समापन 2 नवंबर को चिंतामन स्थित गोशाला में गोवर्धन पूजा के साथ होगा।

पं.महेश पुजारी ने बताया ज्योतिर्लिंग की पूजन परंपरा में कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी पर दीपावली मनाई जाती है। इस बार 31 अक्टूबर को परंपरा अनुसार तड़के 4 बजे भस्म आरती में दीपावली मनाई जाएगी।

भगवान महाकाल को केसर चंदन का उबटन लगाकर गर्म जल से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद नवीन वस्त्र व सोने चांदी के आभूषण धारण कराकर विशेष श्रृंगार होगा। पश्चात भगवान को अन्नकूट का महाभोग लगाकर फुलझड़ी से आरती की जाएगी। तड़के 4 बजे से सुबह 7 बजे तक अन्नकूट के दर्शन होंगे।

धनतेरस पर पुरोहित करेंगे पूजा

  • 29 अक्टूबर को धनत्रयोदशी के दिन मंदिर के पुरोहित परिवार द्वारा सुख,समृद्धि व खुशहाली के लिए पूजा अर्चना की जाएगी।
  • पुरोहित पं.नीरज शर्मा ने बताया महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति द्वारा प्रतिवर्ष देश, प्रदेश व नगर में खुशहाली की कामना के साथ भगवान महाकाल की महापूजा की जाती है।
  • देश में सुख समृद्धि के लिए भगवान को चांदी का सिक्का भेंट किया जाता है। इस बार भी संभागायुक्त, कलेक्टर, प्रशासक के आतिथ्य में पूजन होगा।

2 नवंबर को गोवर्धन पूजा

महाकाल मंदिर समिति द्वारा गोशाला का प्रकल्प शुरू करने के बाद से दीपावली के अगले दिन पड़वा पर गोवंश व गोवर्धन पूजा की जाती है। इस बार 2 नवंबर को चिंतामन स्थित गोशाला में सुबह मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल आदि अधिकारियों द्वारा गोमाता व गोवर्धन का पूजन किया जाएगा।

naidunia_image

(नईदुनिया-नवदुनिया पाठकों के लिए विशेष भेंट…दीपावली के शुभ अवसर पर “लक्ष्मी पूजा” से जुड़ी समस्त जानकारी, पूजन के मुहूर्त, पूजन विधि और आरती आदि इस विशेष डिजिटल पुस्तिका में। पढ़ने या डाउनलोड करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें या यहां क्लिक करें)

गुरु पुष्य नक्षत्र पर व्यापार में तेजी का अनुमान

दीपावली महापर्व को लेकर नगर का बाजार सज धजकर तैयार है। बाजार में छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों ने इस बार दीपावली पर्व पर खरीदी पर आकर्षक गिफ्ट वाउचर रखे हैं। दीपावली पर्व को लेकर व्यापारियों को नगर में अच्छा व्यापार होने का अनुमान है।

पर्व के पूर्व गुरुवार को गुरु पुष्य नक्षत्र में नगर के बाजार में अच्छी धन वर्षा को लेकर नगर का सराफा, इलेक्ट्रानिक, आटोमोबाइल, किराना, रेडीमेड कपड़ा, बर्तन, कटलरी बाजार दमक उठा है।

इधर पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है। पुलिस नगर के चप्पे-चप्पे पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं।



Source link

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
Exit mobile version